प्रधानमंत्री चार सप्ताह में कामकाज शुरू करेंगे : रामदास
नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदास ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की शनिवार को बाइपास सर्जरी होगी और वे अगले सात दिनों तक अस्पताल में रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तीन से चार सप्ताह में अपना कामकाज सुचारू रूप से शुरू कर पाएंगे।
यह पूछे जाने पर कि प्रधानमंत्री को सर्जरी की आवश्यकता क्यों पड़ी के जवाब में रामदास ने शुक्रवार को एक समाचार चैनल को बताया, "यह प्रधानमंत्री और उनके परिवार का निर्णय है। डाक्टरों ने उन्हें तुरंत चिकित्सा की सलाह दी थी। सर्जरी का समय शनिवार सुबह तय किया गया है।"
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनकी सर्जरी के लिए एम्स के विशेषज्ञ डाक्टरों और मुंबई स्थित एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट के डाक्टरों के एक दल का गठन किया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "प्रधानमंत्री की आगामी 24 जनवरी को एम्स में 'कोरोनरी आर्टरी बाइपास ग्राफ्ट सर्जरी' की जाएगी। उनकी इस सर्जरी के लिए एम्स के विशेषज्ञ डाक्टरों और मुंबई के एशियन हर्ट इंस्टीट्यूट के डाक्टरों के एक दल का गठन किया गया है। एम्स के अन्य विभागों के डाक्टरों व तकनीकी कर्मचारियों के भी एक दल का गठन किया गया है जो मुख्य डाक्टरों के दल की सहायता करेगा।"
उल्लेखनीय है कि बुधवार को प्रधानमंत्री की एम्स में एंजियोग्राफी हुई थी और इसके बाद गुरुवार को उन्हें वहां से छुट्टी दे दी गई थी। शुक्रवार को पुन: उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications