प्रणब मुखर्जी को वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार
सरकारी सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने 73 वर्षीय मुखर्जी को 24 जनवरी से वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभालने का निर्देश दिया है।
मुखर्जी को वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने के साथ ही यह स्पष्ट हो गया कि संसद के आगामी सत्र में अब वे ही लेखानुदान पेश करेंगे। सामान्यत: वित्त मंत्री ही लेखानुदान पेश करते हैं और इस समय वित्त मंत्रालय भी प्रधानमंत्री के पास है। प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति में प्रणब मुखर्जी मंत्रिमंडल की बैठकों की अध्यक्षता भी करेंगे।
मुखर्जी को विगत गुरुवार को ही पश्चिम बंगाल कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। वे पहले से ही 50 से अधिक उच्चाधिकार प्राप्त विभिन्न समितियों के अध्यक्ष भी हैं।
उल्लेखनीय है कि आगामी शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के हृदय की बाइपास सर्जरी होगी। उनकी सर्जरी के लिए एम्स के विशेषज्ञ डाक्टरों और मुंबई स्थित एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट के डाक्टरों के एक दल का गठन किया गया है। एम्स के डाक्टरों का कहना है कि सर्जरी के बाद प्रधानमंत्री को एक महीने तक आराम करना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications