प्रणब मुखर्जी करेंगे कैबिनेट की बैठकों की अध्यक्षता
उल्लेखनीय है कि आगामी शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के हृदय की बाइपास सर्जरी होगी। उनकी सर्जरी के लिए एम्स के विशेषज्ञ डाक्टरों और मुंबई स्थित एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट के डाक्टरों के एक दल का गठन किया गया है। एम्स के डाक्टरों का कहना है कि सर्जरी के बाद प्रधानमंत्री को एक महीने तक आराम करना पड़ सकता है।
आगामी 16 जनवरी को संसद में लेखानुदान पेश होना है। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री इसे संसद में पेश नहीं कर पाएंगे। सामान्यत: वित्त मंत्री लेखानुदान पेश करते हैं और इस समय वित्त मंत्रालय भी प्रधानमंत्री के ही पास है।
इस बारे में पूछे जाने पर एक वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री ने कहा, "मुझे लगता है कि यह जिम्मेदारी गृह मंत्री पी. चिदम्बरम को दी जा सकती है।"
इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति में प्रणब मुखर्जी कैबिनेट की बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "वैसे भी जब प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर होते हैं तो प्रणब मुखर्जी ही कैबिनेट की बैठकों की अध्यक्षता करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications