करजई को हटाने की मुहिम के तहत अमेरिका पहुंचे उनके प्रतिद्वंद्वी
लंदन, 23 जनवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई को सत्ता से हटाने के लिए उनके चार प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी इन दिनों अमेरिका में डेरा डाले हुए हैं। करजई के ये प्रतिद्वंद्वी अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के नए प्रशासन के साथ इस संदर्भ में बातचीत कर सकते हैं।
समाचार पत्र इंडीपेंडेंट के मुताबिक, इस दल में पूर्व विदेश मंत्री डा अब्दुल्ला अब्दुल्ला, पूर्व वित्त मंत्री डॉक्टर अशरफ घानी और पूर्व आंतरिक मामलों के मंत्री अली अहमद जलाली के अलावा नांगाहर प्रांत के राज्यपाल गुल आगा शरजई शामिल हैं।
इस अखबार के मुताबिक अमेरिका में ओबामा के हाथ में बागडोर आने के बाद से वहां जिस प्रकार बदलाव की बयार बह रही है उससे संकेत मिलते हैं कि करजई को सत्ता से बाहर का रास्ता भी दिखाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल जुलाई में अपनी अफगानिस्तान यात्रा के समय ओबामा ने करजई से मिलने से पहले शरजई से मुलाकात की थी।
काबुल में यूनाइटेड स्टेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ पीस अध्यक्ष जॉन डेम्पसे का कहना है, "बुश प्रशासन की तरह ओबामा प्रशासन ज्यादा दिन आंख मूंदकर करजई का समर्थन नहीं कर सकता।"
इस समाचार पत्र के मुताबिक अमेरिकी विदेश और रक्षा विभाग अफगानिस्तान के बारे में महीनों से नई नीतियों पर विचार कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications