प्रधानमंत्री की बाइपास सर्जरी शनिवार को (लीड-2)
नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के हृदय की बाइपास सर्जरी आगामी शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में होगी। ेउनकी सर्जरी के लिए एम्स के विशेषज्ञ डाक्टरों और मुंबई स्थित एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट के डाक्टरों के एक दल का गठन किया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "प्रधानमंत्री की आगामी 24 जनवरी को एम्स में 'कोरोनरी आर्टरी बाइपास ग्राफ्ट सर्जरी' की जाएगी। उनकी इस सर्जरी के लिए एम्स के विशेषज्ञ डाक्टरों और मुंबई के एशियन हर्ट इंस्टीट्यूट के डाक्टरों के एक दल का गठन किया गया है। एम्स के अन्य विभागों के डाक्टरों व तकनीकी कर्मचारियों के भी एक दल का गठन किया गया है जो मुख्य डाक्टरों के दल की सहायता करेगा।"
इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति में विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी सरकारी कामकाज देखेंगे। क्योंकि सर्जरी के बाद प्रधानमंत्री को कम से कम एक महीने तक आराम की जरूरत पड़ेगी। हालांकि जब मुखर्जी से ही इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "इस प्रकार के कयास लगाना अभी जल्दबाजी होगी।"
उल्लेखनीय है कि बुधवार को प्रधानमंत्री की एम्स में एंजियोग्राफी हुई थी और इसके बाद गुरुवार को उन्हें वहां से छुट्टी दे दी गई थी। शुक्रवार को पुन: उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications