उत्तरप्रदेश की राजनीति में कल्याण सिंह अब महत्वहीन : साक्षी महाराज
लखनऊ में गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में कल्याण फैक्टर बेअसर है। ऐसे में सपा ने कल्याण से दोस्ती करके भारी भूल की है।
सपा को चेताते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि कल्याण अब इस स्थिति में नहीं हैं कि वे मुलायम सिंह को लाभ पहुंचा सके । ऐसे में उनके समर्थन से सपा को आगामी लोकसभा चुनाव में कोई राजनीतिक लाभ नहीं होगा।
उत्तरप्रदेश में लोध बिरादरी के बड़े नेता के तौर पहचाने जाने वाले साक्षी महाराज के साथ कल्याण सिंह ने भाजपा से नाता तोड़कर राष्ट्रीय क्रांति पार्टी बनाई थी। कल्याण के वापस भाजपा में शामिल होने के बाद वे राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के मुखिया बन गए।
साक्षी महाराज ने कहा कि भाजपा से आज भी उनका दिल जुड़ा है, इसलिए आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी भाजपा का समर्थन करेगी। उधर सूत्रों से पता चला है कि साक्षी महाराज ने आज बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो एवं प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती से भी मुलाकात की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications