..और ओबामा को लेनी पड़ी दोबारा शपथ (लीड-1)
वाशिंगटन, 22 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के शपथ ग्रहण समारोह में मंगलवार को प्रधान न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स से हुई चूक की वजह से बुधवार को उन्हें फिर से शपथ लेनी पड़ी।
ओबामा ने बुधवार शाम 7.35 बजे व्हाइट हाउस में सादगी पूर्वक दोबारा शपथ ली।
दरअसल, शपथ ग्रहण समारोह में रॉबर्ट्स ने ओबामा से पूछा कि क्या वे तैयार हैं। ओबामा ने कहा, "मैं तैयार हूं और हम बहुत धीरे बोलेंगे।" शपथ ग्रहण समारोह के दौरान 'फेथफुली' शब्द केगलत स्थान पर प्रयोग की वजह से होने वाली किसी भी दुविधा को मिटाने और ओबामा के वैध राष्ट्रपति होने पर सवाल उठने से रोकने के लिए ओबामा का दोबारा शपथ लेना जरूरी था।
हालांकि संवैधानिक रूप से ओबामा मंगलवार दोपहर को शपथ ग्रहण किए बगैर ही देश के राष्ट्रपति बन गए थे।
व्हाइट हाउस के अधिकारी ग्रैग क्रेग ने बुधवार को जारी एक लिखित बयान में कहा, "हमारा मानना है कि शपथ ग्रहण कारगर ढंग से हुआ था और कल राष्ट्रपति ने उचित तरीके से शपथ ग्रहण की थी। लेकिन शपथ का उल्लेख संविधान में है। एक शब्द का प्रयोग उचित ढंग से नहीं होने की वजह से प्रधान न्यायाधीश रॉबर्ट्स ने दूसरी बार शपथ दिलाई।"
उन्होंने कहा कि संविधान ने शपथ ग्रहण के लिए शब्दावली तय कर रखी है।
मंगलवार को शपथ ग्रहण के समय इस्तेमाल की गई बाइबल का प्रयोग बुधवार को नहीं किया गया। शपथ दिलाने के बाद रॉबर्ट्स मुस्कुराए और बोले, "एक बार फिर से मुबारक हो।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications