ब्रिटेन की महारानी और ब्राउन ने दी ओबामा को शुभकामनाएं
लंदन, 21 जनवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन ने अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा को संदेश भेजकर उनके प्रति समर्थन जताया है, जबकि देश भर में अमेरिका में हुए सत्ता परिवर्तन पर जश्न मनाया गया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार 82 वर्षीया महारानी ने 1952 में सिंहासन संभाला था और तब से वे बी. जॉनसन के अलावा सभी अमेरिकी राष्ट्रपतियों से भेंट कर चुकी हैं। वे अप्रैल में ओबामा से मुलाकात कर सकती हैं जब वे ब्रिटेन में होने वाले जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन भाग लेने आएंगे।
महारानी की ओर से भेजे गए निजी संदेश का ब्यौरा जारी नहीं किया गया है। ब्राउन ने अपने संदेश में कहा है कि विश्व के समक्ष मुंह बाए खड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए वे नए अमेरिकी प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने को तैयार हैं।
इस बीच ब्रिटेन में रहने वाले अमेरिकी नागरिकों, अफ्रीकी और अफ्रीकी-कैरिबियाई समुदायों के लोगों ने ओबामा के पदभार ग्रहण करने की खुशी में समारोहों का आयोजन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications