केरल का एक गांव बनेगा 'दहेज मुक्त'
यह गांव राज्य के मालाप्पुरम जिले में है। सोमवार को इस गांव में लगभग 1,500 युवकों और युवतियों ने इसे 'दहेज मुक्त' गांव बनाने के लिए एक अभियान की शुरुआत की।
नीलंबर गांव के मुखिया आर्यदान शौकत ने बताया कि इस अभियान का शुभारंभ कांग्रेस के युवा नेता सचिन पायलट ने किया।
उन्होंने बताया, "जब हम लोग इस बात का सर्वेक्षण कर रहे थे कि किन लोगों के पास कोई मकान नहीं है तो पता चला कि 25 प्रतिशत लोगों के पास कोई आशियाना नहीं था। इसकी वजह यह कि इन लोगों ने अपने मकान बेटियों की शादियों में दहेज देने के लिए बेच दिए।"
शौकत के मुताबिक उनके गांव में हर सप्ताह औसतन 15 शादियां होती हैं और हर शादी पर 300,000 रुपये या इससे अधिक का खर्च आता है।
उनका कहना है, "हमने कई समितियों का गठन किया है जिसमें विवाह पूर्व सलाह देने वाली समिति भी बनाई गई है। एक समिति युवाओं को स्वरोजगार के गुर भी सिखाएगी।"
शौकत ने बताया कि उनके अभियान को मजहबी नेताओं, युवा संगठनों और महिला संगठनों का पूरा सहयोग मिल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications