मथुरा में किसानों का प्रदर्शन जारी, इलाके में सुरक्षा बल तैनात
आगरा परिक्षेत्र के पुलिस-उपमहानिरीक्षक(डीआईजी) एन.के.श्रीवास्तव ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि किसानों का प्रदर्शन बुधवार को भी जारी है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इलाके में तनाव को देखते हुए पीएसी की दो कंपनियां और चार थानों की पुलिस तैनात की गई है।
श्रीवास्तव ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस वे की कार्यदायी संस्था जेपी ग्रुप के बाजना स्थित शिविर पर भी सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है।
ज्ञात हो कि यमुना एक्सप्रेस वे परिजोयना में मुआवजा बढ़ाने की मांग को लेकर मथुरा के बाजना इलाके में मंगलवार को प्रदशर्न कर रहे किसानों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ पर लाठियां बरसाईं और बाद में फायरिंग की, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए थे।
फायरिंग से किसान और उग्र गए। किसानों ने पुलिस चौकी समेत पुलिस के कई वाहनों, एक रोडवेज बस और जेपी ग्रुप के टैंकर में आग लगा दी थी।
बाजना क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक चंद्र सिंह गौतम ने बताया कि जेपी ग्रुप के शिविर पर कब्जा करने जा रहे किसानों को जब पुलिस ने रोका तो किसानों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर रात चार शरारती तत्वों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की पहचान की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications