सपा का प्रचार करेंगे कल्याण सिंह
समाजवादी पार्टी (सपा) सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव पार्टी महासचिव अमर सिंह के साथ बुधवार को कल्याण सिंह से मुलाकात करने लखनऊ स्थित उनके निवास पहुंचे।
दोनों नेताओं से मिलने के बाद कल्याण सिंह ने ऐलान किया कि मुलायम सिंह से उनके दिल के तार जुड़ गए हैं। कल्याण सिंह ने कहा, "आगामी लोकसभा चुनाव में सपा के लिए जहां मेरी उपयोगिता होगा मैं प्रचार के लिए जाऊंगा।"
इस मौके पर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह के साथ मिलकर वे अब गरीबों, पिछड़ों और शोषितों का संघर्ष और तेज करेंगे।
अमर सिंह ने इस मिलन को एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की राजनीति के दो ध्रुवों का मिलन हुआ है। अमर ने कहा कि कल्याण से सपा की दोस्ती बिना किसी शर्त के हुई है और बिना शर्त हुई दोस्ती अटूट होती है।
कल्याण सिंह के भाजपा से नाता तोड़ने के बाद प्रदेश में सियासी हलचलें तेज हो गई हैं।
कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह को मुलायमसिंह पहले ही बुलंदशहर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की पेशकश कर चुके हैं। राजवीर का सपा के टिकट पर चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक राजवीर सिंह जल्दी ही सपा में शामिल होने की घोषणा कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*