मध्य प्रदेश में जनता के सुझाव से होगा विकास
प्रदेश में जनता के सुझाव हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को 'आइडियाज फॉर सीएम' नामक वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस साइट का मकसद सरकार चलाने में आम आदमी की भागीदारी सुनिश्चित करना है। साइट पर आने वाले मौलिक और रचनात्मक सुझावों को अमली जामा पहनाने के लिए सरकार कार्य योजना बनाएगी।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में पिछले तीन वर्षो के दौरान सरकार ने विभिन्न पंचायतों का आयोजन किया था। इनमें आए सुझावों के आधार पर सरकार ने सरकारी योजनाओं में संशोधन भी किया। प्रदेश में 'लाड़ली लक्ष्मी' जैसी योजनाओं की शुरूआत जनता के सुझाव के आधार पर ही हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि राजनीति सिर्फ सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं बल्कि जनकल्याण और निर्माण के लिए भी है। उन्होंने प्रदेश वासियों से अपील की है कि वे ऐसे उपयोगी सुझाव दें जिनसे राज्य के विकास और सुशासन स्थापित करने में योगदान मिले। अच्छा सुझाव देने वालों को राज्य सरकार सम्मानित भी करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications