ओबामा की टीम में भारतीय मूल के 2 वकील (लीड-1)
वाशिंगटन, 20 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति का पद संभालने से कुछ घंटे पहले ही बराक ओबामा ने मंगलवार को दो प्रमुख भारतीय वकीलों-नील कुमार कात्याल और प्रीता बंसल को महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया है।
नील कुमार कात्याल को प्रमुख उप सॉलिसिटर जनरल और प्रीता बंसल को जनरल काउंसल और प्रबंधन कार्यालय (ओएमबी) का वरिष्ठ नीति सलाहकार नियुक्त किया गया है।
ओबामा की नजदीकी माने जाने वाली बंसल को ओबामा प्रशासन में सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
वाशिंगटन के जार्जटाउन विश्वविद्यालय लॉ स्कूल में प्रोफेसर कात्याल सॉलिसिटर जनरल कार्यालय में वरिष्ठता क्रम में दूसरे स्थान पर होंगे। अमेरिकी न्याय विभाग में वे सबसे ऊंचे पद पर नियुक्त भारतीय मूल के व्यक्ति हैं।
कात्याल (37 वर्ष) को 29 जून 2006 को तब प्रसिद्धि मिली जब सर्वोच्च न्यायालय ने ओसामा बिन लादेन के चालक सलीम अहमद हमदान के मामले में गुआंटेनामो बे में सैनिक मुकदमे के खिलाफ उनकी दलील को स्वीकार कर लिया।
हमदान के मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने पाया कि संदिग्ध आतंकवादियों का मुकदमा सैनिक आयोग में चलाने का बुश प्रशासन का निर्णय कोड ऑफ मिलिट्री जस्टिस और जेनेवा समझौते का उल्लंघन है।
बंसल वर्ष 2004-2005 में अमेरिका की अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने इराक, अफगानिस्तान, उज्बेकिस्तान, सऊदी अरब, चीन, रूस, वियतनाम, तुर्की, हांगकांग और दक्षिण एशिया में अमेरिकी मिशनों में हिस्सा लिया।
वह 1999-2002 में न्यूयार्क की सॉलिसिटर जनरल भी रह चुकी हैं। इसके अलावा वह कई गैर सरकारी बोर्डो में भी शामिल रह चुकी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications