ओबामा के शपथ ग्रहण समारोह के लिए उमड़ा जन सैलाब
वाशिंगटन, 20 जनवरी (आईएएनएस)। ओबामा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए हजारों समर्थकों का सैलाब वाशिंगटन में उमड़ पड़ा है।
उम्मीद की जा रही है कि जब वेस्ट फ्रंट पर दोपहर में ओबामा शपथ ग्रहण करेंगे तो उस समय कैपिटल, व्हाइट हाउस व लिंकन मेमोरियल के बीच के इलाकों में 20 लाख से भी अधिक लोग साक्षी के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कुछ लोग समारोह स्थल से एक मील से भी अधिक दूरी पर स्थित नेशनल हाल के पास लगे बड़े-बड़े टीवी स्क्रीन पर समारोह का अवलोकन करेंगे।
ओबामा व उनकी पत्नी माइकेली ने शपथ ग्रहण के दिन की शुरुआत राष्ट्रपति अतिथि गृह, ब्लेयर हाउस में सुबह 8.48 बजे कदम रख कर की। उसके बाद दोनों पति-पत्नी व्हाइट हाउस के दूसरे छोर पर स्थित ऐतिहासिक सेंट जॉन्स चर्च में प्रार्थना के लिए गए।
वाशिंगटन में मंगलवार की सुबह नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के रंग में पूरी तरह डूबी रही। हजारों लोग पौ फटने से पहले ही भीड़ भरी ट्रेनों की सवारी कर वाशिंगटन पहुंच गए।
उधर ठंडी हवा के कारण तापमान 15 डिग्री फारेनहाइट के नीचे पहुंच गया है।
सीएनएन के मुताबिक वाशिंगटन में उपनगरीय ट्रेनों के स्टेशन भीड़ से जाम हो गए हैं। वर्जिनिया के स्प्रिंगफील्ड में स्थित एक चार मंजिला पार्किं ग डेक सुबह पांच बजे ही भर गया।
लाफायेत स्क्वोयर पर भीड़ की बुरी स्थिति थी। वहां अस्थायी रूप से खड़े किए गए अवरोधों के कारण सड़क पर कारों की कतारें लग गईं।
माउंट वर्नोन स्क्वोयर में रहने वाली 45 वर्षीय लेखिका नैन्सी विगल ने सीएनएन को बताया, "सड़क पर इस तरह की भीड़ व गहमागहमी मैंने इसके पहले कभी नहीं देखी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications