ओबामा के पद ग्रहण के अवसर पर लेकर भारत में भी कई समारोह
अमेरिका की नई सरकार के साथ संबंधों व कई मुद्दों पर राजधानी दिल्ली में सत्ता के गलियारों में आशा व निराशा के भाव बनते-बिगड़ते रहे।
नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर एक राजनयिक ने कहा, "हम सभी ओबामा के शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण देंखेंगे। हम ओबामा की हर बात को गौर से सुनेंगे, खासतौर से उनकी विदेशी नीति के बारे में, जो कि भारत से संबंधित होगी।"
अमेरिकी दूतावास की तरफ से पार्टी आयोजित करने की कोई योजना नहीं है, लेकिन दिल्ली स्थित अमेरिकन सेंटर में जगमगाहट है।
दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास की प्रवक्ता एलिजाबेथ फिट्जसाइमन्स ने आईएएनएस को बताया, "हम सत्ता हस्तांतरण के इस क्षण को शांतिपूर्वक मनाएंगे।"
लेकिन राजनयिक हलकों में अपने अन्य सहकर्मियों की तरह वह भी इस ऐतिहासिक क्षण का आनंद उठाने के लिए एक निजी पार्टी में जाने वाली हैं।
दिल्ली स्थित अमेरिकन चेंबर ऑफ कामर्स व अमेरिकी दूतावास की ओर से ओबामा के पद ग्रहण समारोह के मौके पर एक पार्टी का आयोजन किया गया है। इसमें शीर्ष व्यापारिक हस्तियों, राजनीतिज्ञों व राजनयिकों को आमंत्रित किया गया है।
यहां रह रहे कई अमेरिकी नागरिकों की अपने घरों में ही बैठ कर इस कार्यक्रम को टीवी पर देखने की योजना है।
सीएनएन की संवाददाता एलिजाबेथ नीसोलॉस ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक क्षण है। हम इसे घर में ही बैठ कर देखना चाहेंगे।"
अमेरिकी वाणिज्य दूतावास व इंडो-अमेरिकन चेंबर ऑफ कामर्स (आईएसीसी) की ओर से भव्य पार्टी का आयोजन किया गया है, जिसके मध्य रात्रि तक चलने की संभावना है।
देश के अन्य महानगरों व कई शहरों में भी इस अवसर पर समारोहों का आयोजन किया गया है।
कवियों, कलाकारों व बुद्धिजीवियों के शहर कोलकाता में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के सहयोग से एक काव्य संध्या का आयोजन किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications