कश्मीर में पुलिस भर्ती के लिए हजारों युवक उमड़े
राज्य के हरिपोरा स्थित पुलिस प्रशिक्षण स्कूल के एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "गांदेरबल में चले पुलिस भर्ती अभियान को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखा। लगभग 7,000 नवयुवक पुलिस में भर्ती होने के लिए पहुंचे।" अधिकारी ने बताया कि पुलिस में भर्ती का अभियान इसी तरह राज्य के अन्य जिलों में भी चलाया जाएगा।
राज्य के पुलिस महानिदेशक कुलदीप खोड़ा चयन प्रक्रिया के लिए जम्मू से गांदेरबल पहुंचे। खोड़ा ने कहा कि चयन पक्रिया पारदर्शी होगी और यहां हर योग्य उम्मीदवार के लिए मौका है।
भर्ती के लिए बशीर अहमद (26 वर्ष) नामक युवक भी पहुंचा जो स्नातकोत्तर है जबकि पुलिस में भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10 वीं पास है। बशीर ने कहा, "अगर कोई जानना चाहता है कि हमने विधानसभा चुनाव में मतदान क्यों किया तो उसे यहां की बेरोजगारी को देखना चाहिए। अकेले गांदेरबल जिले में ही 30,000 से अधिक युवक डिग्री हासिल करने के बावजूद बेरोजगार हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।