इजरायल ने गाजा से और सैनिक हटाए, संघर्ष विराम जारी
तेल अवीव/गाजा, 20 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य पूर्व के गाजा पट्टी में संघर्षविराम के बाद इजरायल ने सोमवार रात भी अपने सैनिकों को हटाने का क्रम जारी रखा। मंगलवार तक सेना वापसी का काम पूरा किए जाने की संभावना है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सोमवार रात इजरायल पर रॉकेट नहीं दागे गए और उसकी सेना ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। तेल अवीव में सेना के प्रवक्ता ने बताया कि गाजा से आखिरी रॉकेट रविवार शाम पांच बजे दागा गया था।
प्रवक्ता ने बताया, "हम धीरे-धीरे सेना हटा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि कुछ सुरक्षा बल गाजा पट्टी में ही रहेंगे। यदि संघर्ष विराम बरकरार रहा तो अमेरिका में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा के शपथ ग्रहण करने तक सभी सैनिक हटा लिए जाएंगे।
इस बीच फिलीस्तीनी राहत दलों ने मलबे से कुछ और शव बरामद किए हैं। इसके साथ ही इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1310 हो गई है जिनमें से 40 प्रतिशत महिलाएं और बच्चे हैं।
उधर इजरायल में रॉकेट हमलों की चपेट में आकर 13 व्यक्ति मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications