उत्तर प्रदेश में ट्रेन की छत पर सवार युवक गिरे, 3 मरे, 70 घायल
प्रतापगढ़ राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के थाना प्रभारी एस.के. सिंह ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि हादसा सोमवार देर रात प्रतापगढ़ के कौहड़ौर और चिलिबला स्टेशनों के बीच सरयू एक्सप्रेस की छत पर बैठे छात्रों के पेड़ की डाल से टकराने के कारण हुआ।
सिंह ने बताया कि हादसे के बाद रेलवे लाइन के आसपास ली गई तलाशी में दो शव मिले, जिसमें एक की पहचान इलाहाबाद के मिथिलेश के रूप में हुई है। घायलों में से एक ने इलाहाबाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुताबिक जिला अस्पताल में भर्ती 30 घायलों में से गंभीर रूप से घायल पांच युवकों को उपचार के लिए इलाहाबाद स्थानांतरित किया गया। इसके अलावा 10 युवक कौड़हौर के एक अस्पताल में भर्ती हैं।
उधर, सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक डी.सी. मिश्रा ने बताया कि सुल्तानपुर जिला अस्पताल में भर्ती दो छात्रों को लखनऊ स्थानांतरित किया गया है, अन्य 30 युवकों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक ट्रेन की छत पर सवार युवक फैजाबाद में 21 जनवरी को सेना के भर्ती अभियान में शामिल होने आ रहे अभ्यर्थी थे, जो डिब्बों के भीतर जगह नहीं होने के कारण छत पर बैठे हुए थे।
हादसे में बाल-बाल बचे एक युवक राजेश पांडे ने बताया कि इलाहाबाद से जब सरयू एक्सप्रेस खुली तो उसमें पैर रखने तक की जगह नहीं थी। इसलिए सैकड़ों युवक ट्रेन की छत पर बैठ गए। ट्रेन ने रफ्तार पकड़ी और जैसे ही प्रतापगढ़ के चिलविला के पास पहुंची, पेड़ की डाल ट्रेन की छत से टकरा गई।
ट्रेन की छत पर सवार एक अन्य युवक रमेश रावत ने कहा कि आगे की बोगियों की छत पर बैठे युवकों के डाल से टकराते देख पीछे की तरफ बैठे कई युवक दहशत में चलती ट्रेन से कूद गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications