भाजपा ने लोकसभा के 18 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की सोमवार को हुई एक बैठक में इन उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी महासचिव अनंत कुमार ने कहा, "सोमवार की बैठक में 18 उम्मीदवारों के नाम तय किए गए। केरल से 6, झारखंड से 4, हिमाचल से 3, त्रिपुरा से 2 और चंडीगढ़, मणिपुर और दादर नगर हवेली से 1-1 उम्मीदवारों के नाम तय किए गए हैं।"
पार्टी ने झारखंड के हजारीबाग से यशवंत सिन्हा, रांची से पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, धनबाद से निवर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पशुपतिनाथ सिंह और खूंटी से वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा चंडीगढ़ से पार्टी ने फिर से सतपाल जैन को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा संसदीय सीट से राजन सुशांत, मंडी से महेश्वर सिंह और शिमला से वीरेन्द्र कश्यप को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
उन्होंने कहा, "राज्यों की चुनाव समितियों द्वारा उम्मीदवारों के नामों की सूची न भेजे जाने के कारण आगामी 20-21 को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक स्थगित कर दी गई है। चुनाव समिति की अगली बैठक 28-29 को होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।