लिट्टे के खिलाफ युद्ध का अंतिम नतीजा शीघ्र : श्रीलंकाई सेना प्रमुख
फोंसेका ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के मजबूत गढ़ मुल्लैतिवु में सेना ने कड़े प्रतिरोध के बावजूद पिछले 17 दिन में 17 किलोमीटर क्षेत्र पर कब्जा किया है।
फोंसेका ने कहा कि पिछले एक दशक से किलीनोच्चि और मुल्लैतिवु जिलों पर नियंत्रण रखने वाले लिट्टे को अब एक छोटे जंगली इलाके में सीमित कर दिया गया है।
सेना प्रमुख ने कहा कि पिछले दो सप्ताहों में सेना ने करीब 100 विद्रोहियों के शव बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि लिट्टे के खिलाफ युद्ध का अंतिम नतीजा शीघ्र ही आने वाला है।
फोंसेका के अनुसार शनिवार को सेना ने मरुथम्पुवेल इलाके में लिट्टे के एक शिविर और एक नौका कारखाने पर कब्जा कर लिया। सैनिकों ने यहां से तेज गति की दो हमलावर नौकाएं, दो वाटर-जेट और आत्मघाती हमलों में उपयोग होने वाली सात छोटी नौकाएं बरामद कीं।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार सैनिक अब पुथुकुडिरुप्पु से छह किलोमीटर दक्षिण में अपनी स्थिति को मजबूत कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications