राजू बंधु सीआईडी की हिरासत में, पूछताछ शुरू
शनिवार को न्यायालय ने तीनों आरोपियों को 18 से 22 जनवरी तक चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया था।
सीआईडी अधिकारियों की एक टीम रविवार सुबह चंचलगुड़ा स्थित केंद्रीय जेल पहुंची और उसने रामालिंगा राजू उनके भाई और कंपनी के पूर्व प्रबंध निदेशक बी. रामा राजू तथा वित्तीय अधिकारी वदलामणि श्रीनिवास को हिरासत में ले लिया। वहां से उन्हें सीआईडी कार्यालय ले जाया गया जहां उनसे पूछताछ आरंभ की गई।
राजू बंधुओं को गत नौ जनवरी को गिरफ्तार किया गया था, जबकि श्रीनिवास को 10 जनवरी को गिरफ्तार किया गया। हैदराबाद की स्थानीय अदालत ने तीनों को 23 जनवरी तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा दिया था।
छठे अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट डी. रामकृष्ण के आदेशानुसार आरोपियों से उनके वकीलों की मौजूदगी में ही पूछताछ की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी कहा कि उनसे रात में पूछताछ न की जाए और किसी प्रकार की यंत्रणा भी न दी जाए।
आरोपियों के वकीलों ने कहा कि वे सीआईडी को हिरासत सौंपे जाने के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications