वाजपेयी पिता समान, अगर वे चुनाव लड़ें तो मैदान छोड़ दूंगा : संजय दत्त (लीड-1)
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में शनिवार को संवाददाताओं से चर्चा में संजय दत्त ने कहा, "भाजपा के वयोवृद्ध नेता वाजपेयी मेरे पिता समान हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। इसलिए उनके खिलाफ चुनाव में खड़ा होने का सवाल ही नहीं उठता।"
संजय ने कहा, "अगर अटलजी अपनी परम्परागत लखनऊ सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे तो फिर मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा।"
संवाददाता सम्मेलन में मौजूद सपा महासचिव अमर सिंह ने खुलासा किया कि भाजपा नेतृत्व ने शत्रुघ्न सिन्हा को संजय दत्त के खिलाफ लखनऊ से चुनाव मैदान में उतरने को कहा था लेकिन शत्रुघ्न ने भाजपा नेतृत्व को यह कहकर चुनाव लड़ने से साफ मना कर दिया कि संजय उनके छोटे भाई जैसे हैं।
अमर सिंह के मुताबिक पिछले शुक्रवार को शत्रुघ्न सिन्हा ने खुद उन्हें और संजय दत्त को भाजपा नेतृत्व की इस पेशकश से अवगत कराया था। भाजपा नेतृत्व की इस पेशकश से साफ है कि वाजपेयी चुनाव मैदान में नहीं उतर रहे हैं।
इससे पहले, लखनऊ पहुंचने पर संजय का जोरदार स्वागत किया गया। 'मुन्नाभाई लगे रहो' के नारे और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत के बीच दत्त ने लखनऊ की सड़कों पर रोड शो भी किया।
हवाई अड्डे से निकलने के बाद दत्त ने सपा की लाल टोपी पहनी और खुली जीप में सवार हो कर रोड शो पर निकल गए। मुन्नाभाई के साथ लखनऊ पहुंची उनकी पत्नी मान्यता, अमर सिंह, जया बच्चन, जयाप्रदा व मनोज तिवारी भी उसी जीप में सवार थे। दत्त ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सड़कों पर मुन्नाभाई को देखने के लिए जन समूह उमड़ पड़ा।
दत्त का काफिला हवाई अड्डे से आलमबाग, चारबाग, हुसैनगंज और हजरतगंज होते हुए विक्रमादित्य मार्ग स्थित सपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications