गाजा में 300 बच्चों की मौत, इजरायल से दो देशों ने संबंध तोड़े (लीड-1)

समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार युनिसेफ की निदेशक ऐन वेनेमन ने कहा, "अब तक 300 बच्चों की मौत हो चुकी है और 1500 घायल हुए हैं। हमलों में प्रभावित हो रहे बच्चों की तादाद दिनों दिन बढ़ रही है। उनके नन्हें शरीर घायल हो रहे हैं और उनकी जिंदगी बिखर रही है।"

युनिसेफ ने कहा है कि गाजा में जारी संघर्ष में बच्चे और उनके परिजन फंस गए हैं। इजरायली और हमास का संघर्ष अब रिहायशी इलाकों के करीब तक आ पहुंचा है जो फिलिस्तीनी नागरिकों के लिए खतरा है। गाजा की डेढ़ करोड़ की आबादी में बच्चों की तादाद सबसे ज्यादा है।

उधर इजरायली सेना शहर के इस्लामिक विश्वविद्यालय और संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के निकट पहुंच गई है। गाजा के तेल एल-हवा इलाके के निवासी अपनी इमारतों में अफरा-तफरी के माहौल में देखे गए।

लोगों ने अपने दरवाजे और खिड़कियां बंद कर ली हैं और वे अंतर्राष्ट्रीय सहायता व वहां से सुरक्षित निकलने की गुहार लगा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने शहर के मध्य से 1.5 किलोमीटर पहले इजरायली टैंकों को बढ़ते देखा।

उधर, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के स्थायी दूत मोहम्मद खाजई ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष मिग्वेल डिकोस्टो ब्रॉकमैन को पत्र भेजकर ईरान के प्रस्ताव की जानकारी दी। खाजई और ब्रॉकमैन ने गाजा पर इजरायली हमले रुकवाने के उपायों पर भी 40 मिनट तक चर्चा की।

ईरान के प्रस्ताव में कहा गया है कि गाजा के निर्दोष नागरिकों पर हमले तत्काल रोके जाएं, गाजा से इजरायली सेना को तत्काल हटाया जाए, गाजा की घेराबंदी खत्म की जाए, गाजा को जाने वाले सभी रास्तों को फिर से खोला जाए तथा वहां के लोगों तक मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए तत्काल जरूरी कदम उठाए जाएं।

खाजई ने अपने पत्र में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय इस बात से परिचित है कि गाजा के लोग जीवन की बुनियादी जरूरतों से भी वंचित हैं। सैकड़ों परिवारों को बबर्र ढंग से निशाना बनाया जा रहा है।

इसी बीच इजरायली हमले पर अपना कड़ा विरोध जताते हुए वेनेजुएला ने इजरायल से अपने कूटनीतिक संबंध तोड़ने का ऐलान किया है। समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार वेनेजुएला के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की जिसमें राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज ने कहा कि मानवता के खिलाफ अपराध करने वाले इजरायली नेताओं के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय में मुकदमा चलना चाहिए।

बोलीविया ने भी इजरायल के साथ सभी कूटनीतिक संबंध समाप्त करने की घोषणा की है। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार बोलिविया के राष्ट्रपति इवो मोराल्स ने बुधवार को इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने हेग स्थित अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय से गाजा पर जारी हमलों की जांच करने की मांग भी की, जिसमें 1,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। मोराल्स ने कहा कि इजरायली राष्ट्रपति शिमॉन पेरेज को वर्ष 1994 में दिए गए शांति के लिए नोबेल पुरस्कार से वंचित किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि 27 दिसंबर, 2008 से गाजा पर शुरू हुए इजरायली हमले में 1000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और लगभग 4,600 घायल हुए हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+