शिवराज ने खेला गिल्ली-डंडा और उड़ाई पतंग
भोपाल, 14 जनवरी (आईएएनएस)। मकर संक्रांति के दिन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बच्चों के रंग में रंग गए। उन्होंने मुख्यमंत्री का चोला उतारकर बच्चों के साथ खूब मस्ती की। गिल्ली-डंडा खेला, पतंग उड़ाई और कबूतर उड़ाने के साथ बच्चों को तिल के लड्डू भी खिलाए और साथ ही अपने बचपन की यादें भी ताजा की।
प्रदेश के महिला एवं बाल विकास और सामाजिक न्याय विभाग द्वारा जवाहर बाल भवन में आयोजित मकर संक्रांति पर्व के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री दूसरे ही रंग में दिखे। उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर कार्यक्रम को ही जीवंत बना दिया। उन्होंने बच्चों से खूब बातें की, जब बात गिल्ली-डंडा खेलने की आई तो मुख्यमंत्री उसमें भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने गिल्ली पर डंडे से ऐसी चोट की मानो वे इस खेल के मंजे हुए खिलाड़ी हों। पतंग को आसमान में तानने में भी उन्होंने अपनी महारथ दिखाई।
इस कार्यक्रम में बच्चों और बुजुर्गो का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां मौजूद नि:शक्त और मूक-बधिर बच्चे भी इस कार्यक्रम को याद्गार बना रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बालिकाओं को न केवल अपनी गोद में उठाया बल्कि उन्हें गुलाब भी थमाया।
मुख्यमंत्री के बदले मिजाज को देखकर महिला बाल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रंजना बघेल भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने तो गीत का तराना ही छेड़ दिया। इस मौके पर वृद्धजनों और बालिकाओं को वस्त्र वितरित किए गए और 50 नन्ही बालिकाओं के परिजनों को लाडली लक्ष्मी योजना के चेक सौंपे गए।
वहीं इन्दौर में आयोजित एक कार्यक्रम में संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी खूब पतंग उड़ाई और गिल्ली-डंडे का मजा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications