देशभर में श्रद्धा व उल्लास से मनाया गया मकर संक्रांति पर्व (राउंडअप)
विभिन्न भारतीय पंचांगों के मुताबिक सूर्य के उत्तरायण होने के अवसर पर मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है।
राजधानी दिल्ली में बुधवार को मकर संक्रांति की धूम रही। बच्चे घर की छतों पर पतंगबाजी में मशगूल थे, तो बड़े-बुजुर्ग तिल की बनी मिठाइयों के बंदोबस्त में जुटे रहे। तमाम लोगों ने अपने दिन की शुरुआत स्नान व मंदिरों में पूजा-अर्चना तथा दान-पुण्य से की। श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को गन्ना, चावल तथा तिल व गुड़ अर्पित किया।
उत्तरप्रदेश के इलाहाबाद में पवित्र संगम पर लाखों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर माघ महीने के दूसरे स्नान पर्व मकर संक्रांति पर डुबकी लगाने का बड़ा महत्व है। लाखों श्रद्धालु मंगलवार को ही यहां जमा हो गए थे।
पवित्र नगरी वाराणसी व कानपुर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा नदी में डुबकी लगाई। वाराणसी के काशी विश्वनाथ, लखनऊ के मनकामेश्वर, कानपुर के पनकी और परमट मंदिरों में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
मध्यप्रदेश में भी मकर संक्रांति का पर्व पूरे श्रद्धा के साथ मनाया गया। नर्मदा, क्षिप्रा और बेतवा सहित कई नदियों के तट पर डुबकी लगाने वालों का मेला लगा रहा। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई।
श्रद्घालुओं ने शरीर पर तिल का लेप कर स्नान किया और सूर्यदेव को अर्ध्य देकर मंगल भविष्य की कामना की। मकर संक्रांति पर पतंगबाजी सहित अन्य तरह के खेलों का भी जगह-जगह आयोजन किया गया। घाटों पर लगने वाले मेले के मद्देनजर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे।
बिहार की राजधानी पटना में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई तथा तिल-गुड़ का दान किया। वहां महेन्द्रू घाट, गाय घाट, कलेक्ट्री घाट, राजेन्द्र घाट, तथा बांकीपुर घाट सहित कई स्थानों पर श्रद्घालुओं की भारी भीड़ देखी गई। यहां मान्यता है कि आज ही के दिन राजा भगीरथ गंगा को धरती पर लाने में सफल हुए थे।
पश्चिम बंगाल में मकर संक्रांति के अवसर पर गंगासागर में स्नान करते समय पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जिला अधिकारी संघमित्र घोष ने आईएएनएस को बताया, "पांचों लोगों की मौत ब्रेन हेमरेज और दिल का दौरा पड़ने से हुई।" एक अन्य घटना में जिले के कछुबेरिया गांव में भगदड़ मचने से कम से कम 10 श्रद्धालु घायल हो गए।
आधिकारिक आंकड़े के मुताबिक राज्य में मकर संक्रांति के अवसर पर गंगासागर में लगभग 500,000 लोगों ने स्नान किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications