बिहार के अस्पतालों में चतुर्थवर्ग कर्मचारियों की हड़ताल से मरीज बेहाल
पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) के हथुआ वार्ड में भर्ती दीनदयाल यादव को पिछले सोमवार से अस्पताल से खाना नहीं मिला है। उनकी पत्नी इधर-उधर से भोजन का इंतजाम करके अपना तथा अपने बीमार पति का पेट भर रही हैं।
पीएमसीएच के टाटा वार्ड में भर्ती प्रभा ने आईएएनएस को बताया, "मेरे पति रिक्शा चालक हैं। वे शाम को खाना लेकर आते थे और दिन का खाना अस्पताल से ही मिल जाता था। परंतु अब मेरे पति को दिन में भी खाना लेकर आना पड़ता है।"
अस्पतालों में चतुर्थ वर्ग के कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से अस्पताल परिसर में बने रसोईघरों में ताला लटक रहा है। अस्पताल के नियमानुसार भर्ती मरीजों को सुबह का नाश्ता एवं दोपहर का भोजन अस्पताल की ओर से ही दिया जाता है।
पीएमसीएच के अधीक्षक डा़ ओ़ पी़ चौधरी के मुताबिक चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के कारण परेशानियां बढ़ी हैं। मरीजों को खाना देने का प्रयास किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications