राहुल गांधी के साथ अमेठी में गांव-गांव घूमेंगे ब्रिटेन के विदेश मंत्री
कांग्रेस की उत्तरप्रदेश इकाई के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने आईएएनएस को बताया कि राहुल और मिलिबैंड के नेतृत्व में ब्रिटेन का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को अमेठी पहुंच रहा है। यह प्रतिनिधिमंडल दो दिनों तक अमेठी में रहेगा।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल, इस प्रतिनिधिमंडल के साथ दो बजे के बाद रायबरेली के फुर्सतगंज हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे।
दौरे की शुरुआत अमेठी क्षेत्र के नाहरकोठी गांव से होगी। प्रतिनिधिमंडल यहां सहकारी दुग्ध योजना के तहत चल रहे दुग्ध डेरी कार्यक्रम का जायजा लेगा और शाम साढ़े चार बजे गौरीगंज में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जाकर वहां की छात्राओं से रूबरू होगा।
उसके बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सैदापुर कस्बे में एक सर्वशिक्षा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और वहां स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक शाम 6 बजे मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल तथा नेत्र चिकित्सायल के निरीक्षण का कार्यक्रम है। प्रतिनिधिमंडल बुधवार की रात को मुंशीगंज अतिथिगृह में विश्राम करेगा। सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को सुबह नौ बजे के बाद प्रतिनिधिमंडल वापस दिल्ली लौट जाएगा।
ज्ञात हो कि राहुल गांधी, हाल ही में ब्रिटेन दौरे पर गए थे। उसी दौरान मिलिबैंड ने भारत के गांवों में विकास कार्यो के अवलोकन की इच्छा जताई थी। राहुल ने उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी आने का निमंत्रण दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications