भारत की मदद से होगा किलिनोच्चि का विकास: श्रीलंका
सेना ने पिछले दिनों किलिनोच्चि पर कब्जा कर लिया था और फिलहाल वह लिट्टे के आखिरी गढ़ मुल्लइतिवू में निर्णायक अभियान छेड़े हुए है।
स्थानीय समाचार पत्र 'डेली मिरर' के मुताबिक श्रीलंका के मीडिया मंत्री लक्ष्मण यापा अबेवर्दने ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि किलिनोच्चि में भारत की मदद से जल्द ही विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। इसमें दूसरे देशों की मदद भी ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार बसिल राजपक्षे और भारतीय उच्चायुक्त आलोक प्रसाद के बीच किलिनोच्चि के विकास पर सोमवार को बैठक हो चुकी है।
अबेवर्दने ने कहा कि इस संबंध में आगे की चर्चा की जल्द की जाएगी। उल्लेखनीय है कि दो जनवरी, 2008 को सेना ने किलिनोच्चि पर कब्जा कर लिया था।
इस बीच विदेश सचिव शिवशंकर मेनन गुरुवार को श्रीलंका के दो दिन के प्रवास पर कोलंबो पहुंच रहे हैं। मेनन के श्रीलंकाई दौरे में किलिनोच्चि के विकास पर चर्चा होगी या नहीं इस बारे में तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है।
अधिकारिक सूत्रों ने मेनन की यात्रा को सामान्य बताया। मेनन ऐसे समय श्रीलंका आ रहे जब कुछ ही दिन पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने बयान जारी कर केंद्र सरकार से श्रीलंका में जारी संघर्ष को समाप्त कराने के प्रयास तेज करने का अनुरोध किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications