गाजा में भीषण संघर्ष, हमास के 60 ठिकानों पर हमला (लीड-2)
इस बीच ब्राजील ने कहा है कि गाजा में इजरायल और हमास के बीच जारी संघर्ष के समाधान के लिए संयुक्त राष्ट्र को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। संयुक्त राष्ट्र ने इजरायल से अपील की है कि वह गाजा के निवासियों को मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए तुरंत संघर्ष विराम करे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इजरायल ने सोमवार रात भी लड़ाकू विमानों और हेलीकाप्टरों से हमला किया। तेल अवीव स्थित एक सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि गाजा में वायुसेना जमीनी लड़ाई लड़ रहे सैनिकों की सहायता कर रही है। प्रवक्ता ने कहा कि हमास के 60 ठिकानों पर हमला किया गया।
इससे पूर्व इजरायली सुरक्षा बलों ने सोमवार को एक बार फिर राहत सामग्रियों से लदे ट्रकों के गाजा में प्रवेश के लिए तीन घंटे तक हमले की तीव्रता कम की।
दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता कार्यक्रम के संयोजक जॉन होम्स ने 24 घंटे के भीतर हमलों में कमी लाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि तीन घंटे तक संघर्ष धीमी करना राहत कार्यो के लिए पर्याप्त नहीं है।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद पहले ही गाजा में तत्काल संघर्ष विराम की अपील कर चुका है लेकिन इजरायल और हमास दोनों ने इससे इनकार कर दिया है।
गाजा में जारी इजरायली हमलों में कम से कम 919 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4,300 घायल हो गए। संघर्ष में 13 इजरायली भी मारे गए हैं।
इस बीच ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने एक रेडियो कार्यक्रम में कहा कि गाजा में जारी हमलों को रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने क्षेत्र में शांति संबंधी जो प्रस्ताव स्वीकृत किया था उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
लूला ने कहा कि गाजा में संघर्ष विराम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ब्राजील भी क्षेत्र में शांति बहाल करने के कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications