मुंबई हमले में पाकिस्तान सरकार का हाथ नहीं : ब्रिटेन (लीड-2)
ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड मिलीबैंड ने यहां विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी से मुलाकात के बाद कहा, "यह स्पष्ट है कि मुंबई हमलों के तार कहां से जुड़े हैं और इस कांड के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जिम्मेदारी किसकी है। पाकिस्तान की यह मौलिक जिम्मेदारी है कि वह इस समस्या को जड़ से खत्म करे। इस संगठन से 'प्रत्यक्ष और राजनीतिक' तौर पर निपटने की जरूरत है।"
उन्होंने मुखर्जी के साथ एक साझा प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पाकिस्तान की यह अहम जिम्मेदारी है कि उन तत्वों से निपटा जाए जो भारत के साथ उसके रिश्ते में तनाव घोलने में लगे हैं। मिलीबैंड ने कहा, "जो लोग मुंबई हमलों के लिए जिम्मेदार हैं उन्हें हर हालत में सजा मिलनी चाहिए। इसके लिए मजबूत इच्छाशक्ति दिखाए जाने की जरूरत है।"
वह भारत के चार दिवसीय दौरे पर आए हैं। करीब एक महीने पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन भारत के प्रति एकजुटता का इजहार करने के लिए नई दिल्ली आए थे।
मिलीबैंड ने इस हमले में पाक सरकार की भूमिका होने की आशंका को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि इसमें पाक सरकार की भूमिका है।"
मुंबई हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के संबंध में मिलिबैंड ने परिपक्व ता, बुद्धिमत्ता और सैनिक कार्रवाई के बजाय राजनयिक प्रयासों के प्रति भारतीय प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications