दिल्ली व ढाका के बीच नदी जल बंटवारे पर फिर शुरू होगी बातचीत
स्टार ऑनलाइन के अनुसार, जल संसाधन मंत्री रमेश चंद्र सेन ने मंगलवार को कहा कि संयुक्त नदी आयोग (जेआरसी) के तत्वावधान में जल्द ही बातचीत शुरू की जाएगी।
बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त पिनाक रंजन चक्रवर्ती के साथ एक बैठक के बाद सेन ने कहा, "संयुक्त नदी आयोग की बैठक में तीस्ता नदी जल बंटवारे के मुद्दे को वरीयता दी जाएगी।"
दोनों देशों में बहने वाली नदियों में से एक, तीस्ता नदी में नवंबर से मई महीने के बीच जल-प्रवाह थम जाता है।
बांग्लादेश, इस नदी के पारिस्थितिकीय संतुलन को बचाने तथा अपने हिस्से का पानी प्राप्त करने के लिए भारत के साथ तत्काल एक समझौता करना चाहता है।
सेन ने आगे कहा कि नदी जल बंटवारे के साथ ही नदी के सीमांकन व सीमा विकास संबंधी गतिविधियों पर भी बैठक में चर्चा की जाएगी।
बैठक में तीस्ता सहित अन्य छह नदियों के जल बंटवारे के लिए कोई रणनीति विकसित करने पर चर्चा की जाएगी। इन छह नदियों में धराला, दुधकुमार, मोनू, खोवाई, गोमती व मुहुरी शामिल हैं।
इस मुद्दे पर पिछले दौर की वार्ता वर्ष 2005 के अक्टूबर महीने में आयोजित की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications