महिला ने पुलिस अधिकारी पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप
महिला, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पर अपने साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थी।
यह महिला पंचकूला से कोई 120 किलोमीटर दूर यमुनानगर से अकेले चल कर आई थी। वह दोपहर में यहां पहुंची और पुलिस मुख्यालय के बाहर बैठ गई। वह पुलिस महानिदेशक रंजीव दयाल से मिलने की मांग कर रही थी।
जो भी व्यक्ति उस महिला के नजदीक जाने की कोशिश करता, वह उस पर पत्थर फेंकती। पूरी रात वह एक मामूली कंबल में लिपटे बैठी रही।
महिला ने मीडियाकर्मियों को मंगलवार को बताया, "वर्ष 2001 में यमुनानगर में अपने ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने मैं पुलिस अधीक्षक एम.एस.अहलावत के कार्यालय गई थी। अहलावत ने मेरी मजबूरी का नाजायज फायदा उठाया और उन्होंने कार्यालय में ही मेरे साथ छेछाड़ की। फिलहाल वह महानिरीक्षक (आईजी) बन गए हैं और मुझे व मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।"
हरियाणा पुलिस के एक प्रवक्ता के अनुसार छुट्टी के कारण सोमवार को महिला, पुलिस महानिदेशक से नहीं मिल पाई। लेकिन हम कोशिश करेंगे कि मंगलवार को डीजीपी के साथ उसकी मुलाकात हो जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।