बिहार में कर्मचारियों की हड़ताल जारी
हड़ताल के कारण प्रखंड कार्यालयों से लेकर सचिवालय तक में सरकारी कार्य लगभग ठप हैं। अस्पतालकर्मियों के भी हड़ताल पर चले जाने से स्थिति और बिगड़ गई है।
बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महामंत्री मंजुल दास ने सोमवार को बताया कि राज्यकर्मियों को जब तक केंद्र के अनुरूप छठे वेतनमान का लाभ नहीं मिलेगा तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
बिहार सचिवालय सेवा संघ की अघ्यक्ष नीलम कपूर ने आईएएनएस को बताया कि कर्मचारी संगठन 29 अगस्त 2008 को केन्द्र सरकार द्वारा जारी अधिसूचना को हुबहू लागू करने और एक जनवरी 2006 से एरियर का भुगतान करने, सरकारी कार्यालयों में पांच दिनों का कार्य दिवस लागू करने सहित सात सूत्री मांगों के साथ बुधवार से ही हड़ताल पर हैं। उन्होंने बताया कि हड़तालकर्मियों ने रविवार से 'संघर्ष अभियान' प्रारंभ कर दिया है।
इसबीच सरकार हड़ताल खत्म कराने के लगातार प्रयास कर रही है। दूसरी ओर राज्य सरकार ने सभी सरकारी भवनों के पास धारा 144 लगा दी है। वहीं राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी ने भरोसा दिलाया कि दो-तीन दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मियों के वेतनमान की विसंगतियों को दूर करने का काम प्रारंभ कर दिया गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुढ़ी ने रविवार को कर्मचारी नेताओं से बात कर उनकी मांगों को जायज ठहराते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से विशेष पहल करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य के कर्मचारी ही उसकी रीढ़ हैं, इसलिए उनका काम नहीं करना राज्यहित में नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications