मध्यप्रदेश में कांग्रेस 2009 लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुटी
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को कांग्रेस के जिला व शहर अध्यक्षों एवं प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने सभी को हिदायत दी कि वे मैदानी स्तर पर सक्रियता के साथ हर व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश करें।
पचौरी ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र सरकार की राशि से संचालित अधिकांश जन कल्याणकारी योजनाओं को चला पाने में नाकाम हो रही है। वृद्धावस्था, निराश्रित पेंशन के लिए लोग दर-दर भटक रहे हैं और राज्य सरकार अपना अंश नहीं दे रही है। केन्द्र से 400 रुपये मिलने के बाद भी मध्यप्रदेश में 275 रुपये का भुगतान ही किया जा रहा है। इसके बावजूद पेंशनधारियों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही है। इतना ही नहीं बच्चियों को साइकिल नहीं मिल रही, बीपीएल अन्त्योदय एवं गरीबी रेखा के कार्ड नहीं बन रहे हैं।
पचौरी का कहना है कि गांवों से लेकर शहरों तक हर जगह अघोषित बिजली कटौती जारी है। इससे किसान, महिलाएं एवं छात्र परेशान हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान झूठे विज्ञापनों से आम आदमी को गुमराह करने वालों को अब किसी की चिंता नहीं है।
पचौरी ने कांग्रेस पदाधिकारियों को हिदायत दी है कि वे गांव-गांव जाकर प्रदेश सरकार की नाकामियों का खुलासा करें और केन्द्र सरकार की योजनाओं से आम आदमी को अवगत कराएं। पचौरी पिछले दो दिनों में विधानसभा चुनाव हारने और चुनाव जीतने वाले विधायकों के साथ विचार विमर्श कर चुके हैं। कांग्रेस लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने की कोशिश में जुटी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications