कैंब्रिज ने मनमोहन के नाम पर छात्रवृत्ति की घोषणा की
कैंब्रिज विश्वविद्यालय की कुलपति एलिसन रिचर्ड ने संवाददाताओं से कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से हम यह जोर देना चाहते हैं कि छात्र किसी विशेष सामाजिक आर्थिक पृष्ठभूमि के बिना अकादमिक क्षमता के आधार पर विश्वविद्यालय में आएं।
उन्होंने कहा कि स्नातक कक्षाओं के 10 छात्रों को मनमोहन सिंह छात्रवृत्ति देने के लिए 15 लाख पाउंड का निवेश किया गया है।
रिचर्ड ने कहा कि मनमोहन सिंह छात्रवृत्ति विश्वविद्यालय से संबंधित सभी कालेजों के किसी भी विषय से संबंधित छात्रों को दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 1950 के दशक के आखिर में कैंब्रिज विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक हुए थे। वर्ष 2007 में सेंट जांस कालेज ने परास्नातक छात्रों के लिए मनमोहन सिंह के नाम पर एक छात्रवृत्ति कार्यक्रम आरंभ किया था। प्रधानमंत्री ने इसी कालेज से शिक्षा हासिल की थी।
भारत दौरे पर आईं कुलपति ने कहा कि कैंब्रिज की शिक्षा सभी के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि असाधारण अकादमिक रिकार्ड के आधार पर ही छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
यह विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 800 वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। रिचर्ड इंफोसिस के साथ प्रबंधन, वास्तुकला और इंजीनियरिंग सहित अन्य कई क्षेत्रों में आपसी सहमति के समझौते पर हस्ताक्षर भी करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications