उत्तरप्रदेश में 'धिक्कार' व 'थू-थू' दिवस की तैयारियां जोरों पर
अभियंता मनोज गुप्ता की हत्या और उसके बाद मायावती के जन्मदिन के लिए चंदा उगाही के मामले के प्रकाश में आने के बाद सपा ने 15 जनवरी को 'थू-थू दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा की है। विपक्ष के इस हमले का जवाब देने के लिए बसपा ने मायावती के जन्मदिन को 'विरोधी दल धिक्कार दिवस' के रूप में मनाने का फैसला किया।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने आईएएनएस को बताया कि सपा, मायावती के जन्मदिन पर प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर 'थू-थू दिवस' का आयोजन करेगी। चौधरी के मुताबिक राजधानी लखनऊ में सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव अलग तरह के इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
दूसरी ओर बसपा, मायावती के जन्मदिन पर प्रदेशभर के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में 'विरोधी दल धिक्कार दिवस' का आयोजन कर रही है। इसके लिए मंत्रियों से लेकर निगम अध्यक्षों तक को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बसपा सूत्रों के मुताबिक लखनऊ में 'विरोधी दल धिक्कार दिवस' का नेतृत्व बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य सरकार के लोकनिर्माण मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी करेंगे। इसी तरह, फैजाबाद में वित्त मंत्री लालजी वर्मा, बस्ती में राम प्रसाद चौधरी और गोरखपुर में राजेश त्रिपाठी, कार्यक्रम की बागडोर संभालेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications