कराची में झोपड़पट्टी में आग लगने से 38 मरे (लीड-1)
कराची, 9 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची शहर के झोंपड़ पट्टी वाले एक इलाके में हुए अग्निकांड में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 38 लोग मारे गए हैं।
इधी वेलफेयर फाउंडेशन के एक राहतकर्मी के अनुसार बांस से बनी झोंपड़ियों से अब तक 38 शव बरामद किए जा चुके हैं। यहां से कुछ और शव बरामद होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल 50 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि आग गुरुवार रात संभवत: किसी झोंपड़ी में खाना पकाते समय लगी। इससे पहले एक रिपोर्ट में इस हादसे में मरने वालों की संख्या 40 बताई गई थी।
बचावकर्मी ने बताया कि झोपड़पट्टी वाला इलाका तीन ओर से बंद था और वहां से बचकर निकलने का एक ही रास्ता था जिसकी वजह से लोगों को सुरक्षित निकलना कठिन हो गया।
स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि आग बहुत ही तेजी से फैली और पूरा इलाका अग्निशमन कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही शोलों से घिर गया था।
इससे पहले टीवी चैनल 'जियो' ने खबर दी थी कि कराची के सेक्टर-पांच में आग उस समय भड़क उठी जब लोग सो रहे थे।
रिपोर्ट में कहा गया है, "लोग सोते समय अचानक आग के शोलों से घिर गए। आग इतनी तेजी से फैली की बहुत से लोग उठकर भाग भी नहीं सके। कुछ लोग इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी शिनाख्त भी नहीं हो सकती।"
'जियो टीवी' ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि 15 बच्चों समेत कम से कम 24 शव पोस्टमार्टम के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले जाए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications