भाजपा ने झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की
पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्यपाल सैयद सिब्ते रजी से भेंट की और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने और नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की।
मुंडा ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "राज्य में राष्ट्रपति शासन ही एकमात्र विकल्प बचा है। इसके बाद नए सिरे से विधानसभा का चुनाव होना चाहिए। राज्य की जनता अब कोई प्रयोग नहीं चाहती। चार साल में सूबे की जनता ने चार-चार सरकार देख लिए।"
उन्होंने कहा कि सोरेन यदि इस्तीफा नहीं देते हैं तो इस सरकार को बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनाने को लेकर तनिक भी दिलचस्पी नहीं रखती है।"
उल्लेखनीय है कि सोरेन को झारखंड पार्टी (झापा) के उम्मीदवार राजा पीटर ने 9062 मतों से हराया। गौरतलब है कि झापा राज्य की सत्ताधारी गठबंधन का एक घटक दल है।
सोरेन पिछले 27 अगस्त को जब राज्य का मुख्यमंत्री बने थे तो वे राज्य विधानसभा के सदस्य नहीं थे। मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उन्हें छह महीने के भीतर चुनाव जीतना आवश्यक था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications