मध्यप्रदेश में शीतलहर का कहर
पिछले दो दिनों से मध्यप्रदेश का मौसम बदला हुआ है। कई इलाकों में हुई वर्षा के कारण ठंड बढ़ गई है। शीत लहर ने मौसम को और ठंडा बना दिया है। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हुई। हर तरफ घने बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं अपना असर दिखा रही हैं। शुक्रवार के दिन प्रदेश के बहुत कम हिस्से में ही धूप दिखी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी हिस्से में हुए हिमपात और मावठा के कारण हवाएं ठंडी हो गई हैं। तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है मगर ठंड बढ़ गई है। इसकी वजह ठंडी हवाओं का चलना है। मौसम वैज्ञानिक मंगलेश के मुताबिक इस मौसम में गिरने वाला पानी ठंडा होता है और वह हवाओं को ठंडा बना देता है। बादल जब छंटेंगे तो रात में ठंडक और बढ़ेगी।
ठंडी हवाओं के चलने और सूरज के न निकलने के कारण लोगों के लिए ठंड से बचने का एक मात्र सहारा आग ही रह गई है। यही वजह है कि जगह-जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से बच रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को भी वर्षा हुई। शुक्रवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications