शेखावत के घर तूफान से पहले का सन्नाटा?
शेखावत पिछले तीन दिनों से कह रहे हैं कि वे लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और जसवंत सिंह ने गुरुवार को उन्हें मनाने का प्रयास भी किया लेकिन वे नाकाम रहे।
इस बीच, 31 औरंगजेब रोड स्थित शेखावत के आवास पर शुक्रवार को सन्नाटा पसरा रहा। उनसे मिलने गए राजस्थान के एक भाजपा कार्यकर्ता ने कहा, "यह तूफान से पहले का सन्नाटा है।"
शेखावत से ही मिलने पहुंचे एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा, "यह विवाद जल्द खत्म होने वाला नहीं है। देख लेना, यह दो-तीन दिनों में खत्म होने वाला मामला नहीं है। अच्छा हुआ कि शेखावतजी ने खुलकर अपनी इच्छा का इजहार किया।"
शेखावत के इन तेवरों के बारे में भाजपा नेता कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पार्टी के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, "मैं कुछ भी नहीं कहना चाहूंगा।"
पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "हमें जो कुछ कहना था हमने कह दिया। शेखावतजी हमारे वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी के शुभचिंतक हैं।"
भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी भी शेखावत के मसले पर कुछ भी कहने से बचते रहे। अपने आवास पर वे जब पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे तो पत्रकारों ने उनसे शेखावत के मसले पर कुरेद-कुरेद कर पूछना चाहा लेकिन उन्होंने कोई भी जवाब नहीं दिया। बस इतना कहा कि वे मुझसे वरिष्ठ नेता हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications