बच्चन परिवार को पशुपतिनाथ विवाद में घसीट रहे हैं नेपाली माओवादी
काठमांडू, 9 जनवरी (आईएएनएस)। यूं तो बालीवुड के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने पशुपतिनाथ मंदिर विवाद के गहराने के कारण नेपाल आने की अपनी योजना स्थगित कर दी है, पर देश के माओवादी उन्हें इस विवाद में घसीटने से बाज नहीं आ रहे हैं।
माओवादियों द्वारा इस मंदिर के भारतीय पुजारियों को हटाए जाने के फैसले से विरोध और हिंसा का सिलसिला शुरू हो गया। अंतत: प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल प्रचंड को संसद को यह आश्वासन देना पड़ा कि पुराने पुजारियों को बहाल किया जाएगा। इससे खार खाए माओवादियों ने अब अमिताभ बच्चन को इस विवाद में घसीटना शुरू कर दिया है। उन्होंने भारतीय पुजारियों पर भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का भी आरोप लगाया है।
माओवादियों के एक अखबार जनदिशा में लिखा गया है, "भारतीय नेताओं, फिल्म अभिनेताओं और नेपाली शाही परिवार का इस मंदिर से खास जुड़ाव रहा है। एक सूत्र के अनुसार कुछ साल पहले बच्चन परिवार ने राम नवमी के अवसर पर इस मंदिर में चार घंटों तक विशेष पूजा की थी। इस दौरान किसी भी दूसरे श्रद्धालु को मंदिर के अंदर नहीं जाने दिया गया। इसके बाद मीडिया में खबर आई कि मंदिर से बेशकीमती रत्न-आभूषण गायब हो गए।"
जुलाई 2004 में बच्चन परिवार, उद्योगपति अनिल अंबानी और उनकी पत्नी टीना अंबानी ने इस मंदिर में पूजा की थी। इस अखबार में यह लिखा गया है कि हाल में संक्षिप्त अवधि के लिए नियुक्त नेपाली पुजारियों ने चढ़ावे का पूरा लेखाजोखा रखा, लेकिन भारतीय पुजारी हमेशा से इससे परहेज करते रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications