शिबू फिर से केंद्र में अपनी भूमिका को लेकर तोलमोल कर सकते हैं!
रांची, 9 जनवरी (आईएएनएस)। तमाड़ विधानसभा का उपचुनाव हारने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री की कुर्सी जाते देख झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सुप्रीमो शिबू सोरेन अब केंद्र सरकार में मंत्री पद पाने के लिए तोलमोल कर सकते हैं।
सूबे की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए सोरेन दिल्ली पहुंच चुके हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव से उनकी मुलाकात संभावित है।
सोरेन ने दिल्ली में पत्रकारों से चर्चा में कहा, "सोनिया गांधी और लालू यादव से मुलाकात के बाद ही कुछ तय होगा।"
सोरेन से जब यह पूछा गया कि क्या वे केंद्र सरकार में मंत्री पद चाहेंगे तो उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार में दो मंत्री पद की हमारी पुरानी मांग अभी भी पूरी नहीं की गई है।"
सूत्रों के मुताबिक शिबू सोरेन मुख्यमंत्री के पद पर अपने परिवार के किसी सदस्य यानी अपनी पत्नी रूपी सोरेन या फिर अपने बेटे दुर्गा सोरेन को बिठाने का भी प्रयत्न कर सकते हैं।
शिबू केंद्र में कोयला मंत्री का पद चाहते हैं। उनकी यह इच्छा जगजाहिर हैं। पहले भी वह इस महकमे को संभाल चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications