'मुंबई हमलों के षडयंत्रकारियों को पाक सजा दे'
वाशिंगटन, 9 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका की एक प्रमुख विश्लेषक का कहना है कि पाकिस्तान को मुंबई हमलों के षडयंत्रकारियों को अवश्य दंडित करना चाहिए ताकि यह बात सामने आए कि देश का भविष्य आतंकवादियों के नहीं बल्कि सरकार के हाथों में है।
'हेरिटेज फाउंडेशन' में दक्षिण एशियाई मामलों शेध कर रहीं लिजा कर्टिस ने कहा, "पाकिस्तानी सेना वर्षो से अफगानिस्तान और भारत में जिहादी गुटों का समर्थन करती आई है और अब पाकिस्तान को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है।"
लिजा ने कहा, "वास्तव में इस्लामाबाद की विदेश और घरेलू नीतियां विवेकहीन और घातक तत्वों द्वारा बंधक बना ली गई है, जो पाकिस्तानी संस्थानों को भी निशाना बना रहे हैं।"
मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों का जिक्र करते हुए लिजा ने कहा, "पाकिस्तान को मुंबई हमलों के षडयंत्रकारियों को अवश्य दंडित करना चाहिए, इससे न केवल भारत के साथ तनाव कम होगा बल्कि यह बात भी सामने आ जाएगी कि पाकिस्तान का भविष्य सरकार के हाथों में है न कि आतंकवादियों के।"
लिजा ने कहा कि पाकिस्तान के इस कदम से न केवल भारत बल्कि अमेरिका के साथ भी उसके भविष्य के संबंध निर्भर करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।