मध्यप्रदेश में बारिश ने बढ़ाई ठंडक
चक्रवाती हवाओं का केन्द्र निचली सतह पर बन जाने के कारण मौसम में तेजी से बदलाव आया है। बुधवार को शुरू हुई ठंडी हवाओं के बाद गुरुवार को बादलों ने अपना असर दिखा दिया है। प्रदेश के लगभग हर हिस्से में हुई बरसात से मौसम में ठंडक आ गई है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक एच़ एस़ पांडे ने बताया कि रीवा में तीन सेंटीमीटर, जबलपुर, होशंगाबाद और उमरिया में दो दो सेटीमीटर और अन्य हिस्से में एक सेंटीमीटर से कम वर्षा रिकार्ड की गई। प्रदेश के लगभग हर हिस्से में बादल छाए रहे। आने वाले 24 घंटे तक यह बादल छाए रह सकते हैं।
मध्यप्रदेश के सभी स्थानों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। भोपाल का अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 20.4 डिग्री और 12 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 20.5 डिग्री सेल्सियस और 8.2 डिग्री सेल्सियस, जबलपुर का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को हुई वर्षा फसल के लिए अमृत के समान है। एक दिन बाद बादल छंटने और धूप निकलने से फसलों को काफी लाभ होगा। साथ ही ठंड में भी इजाफा होना तय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications