इजरायल पर लेबनान की सीमा से राकेट दागे गए (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक लेबनान के सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि उत्तरी इजरायल में कतयुशा राकेट दागे गए। ये राकेट दक्षिण-पूर्वी लेबनान की ओर से दागे गए।
इजरायली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राकेट हमले में तटीय शहर नहारिया में दो लोग घायल हो गए। इससे कई मकान भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
इजरायल पर राकेट दागे जाने की जिम्मेदारी अब तक लेबनान के किसी आतंकवादी संगठन ने नहीं ली है। लेबनान में मौजूद हमास के एक प्रवक्ता ने इस बात से इंकार किया कि इसके पीछे हमास का हाथ है।
उधर, इजरायल ने गुरुवार को गाजा पर हवाई और जमीनी हमले तेज कर दिए। इस बीच खबर है कि कुछ इजरायली अधिकारी मिस्र और फ्रांस के संघर्ष विराम संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा करने के लिए काहिरा जाएंगे।
दक्षिणी गाजा के सीमावर्ती शहर रफा में बुधवार रात भर बम गिराए गए। इजरायली सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि मिस्र की सीमा से लगे इलाकों में हमले किए गए।
दूसरी ओर इजरायल की महिला टेनिस खिलाड़ी सहर पीर को एएसबी क्लासिक टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान गाजा पट्टी पर अपने देश द्वारा की जा रही सैन्य कार्रवाई का विरोध झेलना पड़ा।
गुरुवार को आकलैंड स्थित टेनिस स्टेडियम के बाहर लगभग 20 प्रदर्शकारी इजरायल विरोधी नारे लगाते रहे। उनके हाथों में प्ले-कार्ड थे, जिन पर इजरायल विरोधी नारे लिखे हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications