दिल्ली में फिर कोहरे का कहर, रेल व विमान सेवाएं बाधित (लीड-1)
दिल्ली हवाई अड्डे की संचालक कंपनी दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि दृश्यता के निम्न स्तर के कारण 183 उड़ानों में देरी हुई। इनमें कुछ उड़ानों में पांच घंटे तक की देरी हुई।
आठ उड़ानों का मार्ग बदला गया, जबकि तीन उड़ानों का समय फिर से तय किया गया और चार उड़ानों को निरस्त कर दिया गया।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी के अनुसार दोपहर तक रनवे पर दृश्यता की स्थिति सामान्य हो गई। लेकिन स्पाइसजेट की कोलकाता सेवा जैसी शाम की उड़ानों में दो घंटे की देरी हुई।
कोहरे की वजह से रेल सेवाओं में भी व्यवधान उत्पन्न हुआ। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, "भारी कोहरे के कारण लगभग 80 प्रतिशत ट्रेनें देरी से चल रही हैं।"
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि हल्की बारिश के बाद अगले दिन कोहरे की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि हवा में अत्यधिक नमी के कारण ऐसा होता है।
मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications