गिलानी ने की जरदारी से मुलाकात
जियो टीवी के मुताबिक दोनों नेताओं ने देश के मौजूदा राजनीतिक हालातों के अलावा मुंबई हमले के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव व इसे कम करने के लिए पाकिस्तान द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में चर्चा की।
पाकिस्तान के दोनों शीर्ष नेताओं के बीच यह मुलाकात उस वक्त हुई जब भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मुंबई हमले के लिए मंगलवार को ही सीधे तौर पर पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया।
मनमोहन सिंह ने दिल्ली में मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में कहा कि पाकिस्तान की सरकार कमजोर और गैरजिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद को विदेश नीति के रूप में इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा, "हमारे कुछ पड़ोसी देशों की सरकारें काफी कमजोर हैं। सरकारें जितनी ही कमजोर होंगी उसका रवैया उतना ही गैरजिम्मेदाराना होगा। आतंकवाद से जुड़ी हमारी जांचों पर पाकिस्तान का गैरजिम्मेदाराना रवैया इसका सटीक उदाहरण है।"
यह पहला मौका है जब भारतीय प्रधानमंत्री ने मुंबई हमले के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications