दिल्ली के हर थाने में होंगे 10 कमांडो
साहिल मक्कर
नई दिल्ली, 6 जनवरी(आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यहां के हर थाने में कम से कम 10 कमांडो तैनात रहेंगे। उन्हें एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियारों से लैस कर आपात स्थितियों से निपटने में सक्षम बनाया जाएगा।
26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों ने दिल्ली पुलिस को बड़ा सबक दिया है। पुलिस के आला अधिकारी आतंकवादियों और अपराधियों के खिलाफ अपनी मुहिम को पूरी तरह सशक्त बनाना चाहते हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त एस़ नित्यानंदम ने आईएएनएस को बताया, "शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट और उच्च प्रशिक्षित सिपाहियों को कमांडो दस्ते में शामिल किया जाएगा।"
उन्होंने बताया कि सिपाहियों को कमांडो ट्रेनिंग देने के लिए 10 दिनों का प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किया गया। इस पर दिसंबर में ही अमल शुरू हो गया। प्रत्येक थाने को इस पर अमल करना होगा। अधिकारी ने बताया कि जब तक प्रत्येक थाने में कम से कम 10 सिपाही कमांडो जैसा कौशल हासिल नहीं कर लेते तब तक इस पर अमल होता रहेगा।
दिल्ली पुलिस 11 जिलों में विभाजित है और महानगर में कुल 111 थाने हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस प्रशिक्षण कार्यक्रम पर अमल भी शुरू हो गया है। 110 सिपाहियों के पहले दस्ते को कमांडो प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि दूसरे दस्ते का प्रशिक्षण सोमवार से शुरू हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications