भारत ने मुंबई हमलों से जुड़े सबूत पाकिस्तान को सौंपे
नई दिल्ली, 5 जनवरी (आईएएनएस)। भारत ने मुंबई के आतंकवादी हमलों के पीछे पाकिस्तानी आतंकवादियों का हाथ होने संबंधी सबूत उसे सौंप दिए हैं और पाकिस्तान पर अपने यहां मौजूद आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने के अंतर्राष्ट्रीय दबाव बढ़ाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी ने सोमवार सुबह संवाददाताओं को बताया, "हमने मुंबई पर हमला करने वाले आतंकवादियों और पाकिस्तानी तत्वों के बीच संबंधों के सबूत आज पाकिस्तान को सौंप दिए।"
मुखर्जी ने कहा कि पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाने के प्रयासों के तहत उन्होंने दुनिया भर के देशों के विदेश मंत्रियों को उन सबूतों की जानकारी देते हुए पत्र लिखे हैं।
विदेश मंत्रालय अगले 24 घंटों में दूतावासों के अध्यक्षों को भी मुंबई हमले और उसके पीछे पाकिस्तान में मौजूद तत्वों के हाथ होने के बारे में जानकारी देगा।
उन्होंने कहा, "मुंबई में जो कुछ भी हुआ वह अक्षम्य है। आतंकवाद की चुनौती से निपटने के लिए विश्व को एकजुट होना ही होगा।"उन्होंने पाकिस्तान से अपनी धरती से आतंकवादी गतिविधियों का संचालन नहीं होने देने की प्रतिबद्धता पूरी करने का भी अनुरोध किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications