कोलकाता में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 23 हुई, 6 गिरफ्तार (लीड-1)
वित्त और आबकारी विभाग के मंत्री असीम दासगुप्ता ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि जहरीली शराब पीने से 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
पिछले शनिवार को हुए इस हादसे के चलते अभी भी कई लोग जिन्दगी और मौत से संघर्ष कर रहे हैं।
दासगुप्ता ने बताया कि आबकारी निदेशक ने दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भेजा है। शहर पुलिस प्रमुख ने भी एक पुलिस अधिकारी को नोटिस भेजा है।
मंत्री ने बताया कि आबकारी विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से रविवार रात से इलाके में छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अस्पताल में भर्ती सभी लोगों का खर्च उठाएगी। मृतकों के परिजनों को भी मुआवजा दिया जाएगा।
राज्य सरकार ने आबकारी आयुक्त के नेतृत्व में इस मामले की जांच के आदेश भी दे दिए हैं। जांच कर रहे अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार को क्षेत्र का दौरा किया था और मृतकों तथा बीमार लोगों के परिजनों से भेंट की। बनर्जी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश से घटना की जांच कराने की मांग की थी।
बनर्जी ने दोषियों को नहीं पकड़े जाने पर वेस्ट पोर्ट पुलिस थाना क्षेत्र में मंगलवार को बंद की धमकी दी। उन्होंने कोलकाता नगर निगम की ओर से मृतकों के परिजनों को 10 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा भी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications